Monsoon Skin Care Tips: मौसम बदलते ही सबसे पहला असर हमारी त्वचा पर दिखने लगता है। खासतौर पर मानसून के दौरान उमस, पसीना, गंदगी और बैक्टीरिया की वजह से स्किन से जुड़ी कई समस्याएं बढ़ जाती हैं। लेकिन अक्सर लोग इस मौसम में अपनी त्वचा की देखभाल को नजरअंदाज कर देते हैं, जिसका नतीजा पिंपल्स, फंगल इंफेक्शन, खुजली और रैशेज के रूप में सामने आता है। कई बार स्थिति इतनी बिगड़ जाती है कि डॉक्टर या हॉस्पिटल तक जाना पड़ता है। ऐसे में अगर आप पहले से कुछ जरूरी स्किन केयर टिप्स अपना लें, तो खुद को और अपने परिवार को इन परेशानियों से बचा सकते हैं।
मानसून में सबसे जरूरी बात यह है कि आप अपनी त्वचा को साफ, टोन और मॉइस्चराइज रखें। चाहे धूप हो या बारिश, स्किन केयर रूटीन को नजरअंदाज न करें। मानसून के शुरुआती दिनों में अपनी त्वचा में जो भी बदलाव दिखें, उसी के अनुसार स्किन केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करें। इसके साथ ही कुछ आसान लेकिन असरदार टिप्स अपनाकर आप इस मौसम में भी अपनी त्वचा को हेल्दी रख सकते हैं।
मानसून में त्वचा की देखभाल कैसे करें?
सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि हर किसी की त्वचा अलग होती है। इसलिए चेहरे के लिए ऐसे प्रोडक्ट्स का चुनाव करें जो आपकी स्किन टाइप और स्किन प्रॉब्लम्स के हिसाब से सही हों। यह बात सिर्फ स्किनकेयर ही नहीं, बल्कि मेकअप प्रोडक्ट्स पर भी लागू होती है। मानसून में आपको अपने पुराने स्किनकेयर रूटीन में थोड़ा बदलाव करने की जरूरत पड़ सकती है। चेहरे को छूने से पहले हमेशा हाथ साफ करें और त्वचा को हाइड्रेट रखना न भूलें। मानसून में सिर्फ चेहरे की ही नहीं, बल्कि पूरे शरीर की त्वचा को खास देखभाल की जरूरत होती है। इस मौसम में बैक्टीरियल और फंगल इंफेक्शन आम हो जाते हैं, इसलिए शरीर को सूखा और साफ रखना बेहद जरूरी है।
सनस्क्रीन को न करें नजरअंदाज
अक्सर लोग सोचते हैं कि बारिश या बादल होने पर सनस्क्रीन की जरूरत नहीं होती, लेकिन यह एक बड़ी गलती है। सनस्क्रीन हर मौसम में जरूरी है। बाहर निकलने से करीब 20 मिनट पहले सनस्क्रीन जरूर लगाएं और अगर आप लंबे समय तक बाहर रहते हैं तो हर दो घंटे में दोबारा लगाएं। अगर आपकी त्वचा तैलीय है, तो मैट फिनिश वाला सनस्क्रीन आपके लिए बेहतर रहेगा।
मॉइस्चराइजर लगाना है जरूरी
सनस्क्रीन की तरह ही मॉइस्चराइजर भी हर मौसम में जरूरी होता है। त्वचा को हाइड्रेट और नमीयुक्त रखने से ऑयल ग्लैंड्स ज्यादा तेल नहीं बनातीं, जिससे स्किन हेल्दी बनी रहती है। अगर मानसून में आपकी त्वचा ज्यादा ऑयली हो जाती है, तो हल्के और पानी आधारित मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करें।
तैलीय त्वचा के लिए खास टिप्स
मानसून में ऑयली स्किन और ज्यादा तैलीय हो सकती है, जिससे पिंपल्स और एक्ने की समस्या बढ़ जाती है। इससे बचने के लिए: दिन में कम से कम दो बार सौम्य फेस वॉश से चेहरा साफ करें। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त तेल हटाने के लिए टिश्यू का इस्तेमाल करें। रोमछिद्रों को टाइट रखने के लिए हल्का टोनर लगाएं। इसके बाद हल्का मॉइश्चराइजर जरूर लगाएं।
रूखी त्वचा वालों के लिए टिप्स
मानसून में भी ड्राई स्किन वालों को परेशानी हो सकती है। ऐसे में: चेहरे को साफ करने के बाद तुरंत मॉइस्चराइज करें। शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए पानी खूब पिएं। बहुत गर्म पानी से नहाने से बचें। कभी भी मेकअप लगाकर न सोएं।
खुजली और संवेदनशील त्वचा के लिए टिप्स
अगर आपकी त्वचा में खुजली या एलर्जी की समस्या रहती है, तो: बिना खुशबू वाले प्राकृतिक स्किन केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करें। साबुन रहित क्लींजर चुनें। सनस्क्रीन लगाना न भूलें। किसी भी नए प्रोडक्ट को इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। सही खाना खाएं और शरीर को हाइड्रेट रखें। बारिश में भीगने के बाद तुरंत नहा लें। जितना हो सके मेकअप से बचें या नॉन-कॉमेडोजेनिक और हाइपोएलर्जेनिक प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करें।
इन्हें भी पढ़ें: Weight Loss Diet में क्या खाएं – चिया या फ्लैक्स सीड्स?

