Benefits of Drinking Kishmish Water: किशमिश भला किसे पसंद नहीं होती। खट्टा-मीठा स्वाद, आसानी से मिलने वाली और सेहत से भरपूर किशमिश को अक्सर लोग ड्राई फ्रूट के तौर पर खाते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर किशमिश को रातभर पानी में भिगोकर सुबह खाली पेट उसका पानी पिया जाए, तो यह शरीर के लिए किसी टॉनिक से कम नहीं होता? डायटीशियन मोनिका जी के अनुसार, किशमिश का पानी रोजाना पीने से शरीर को कई गंभीर बीमारियों से बचाया जा सकता है और ओवरऑल हेल्थ बेहतर रहती है। आइए जानते हैं सुबह खाली पेट किशमिश का पानी पीने से होने वाले फायदे।
खून की कमी दूर करने में मददगार
किशमिश में आयरन की मात्रा भरपूर होती है। ऐसे में अगर आप रोज सुबह खाली पेट किशमिश का पानी पीते हैं, तो यह शरीर में हीमोग्लोबिन के स्तर को बढ़ाने में मदद करता है। खासतौर पर जिन लोगों को एनीमिया या खून की कमी की समस्या रहती है, उनके लिए किशमिश का पानी बेहद फायदेमंद माना जाता है। नियमित सेवन से कमजोरी और थकान भी कम महसूस होती है।
बैड कोलेस्ट्रॉल को करे कंट्रोल
आजकल खराब लाइफस्टाइल और गलत खानपान की वजह से बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ना आम समस्या बन गई है। सुबह खाली पेट किशमिश का पानी पीने से बैड कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल किया जा सकता है। इसमें मौजूद पोषक तत्व न सिर्फ खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करते हैं, बल्कि गुड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाने में भी मदद करते हैं, जिससे दिल की सेहत बेहतर रहती है।
डायबिटीज के मरीजों के लिए फायदेमंद
डायटीशियन के मुताबिक, रोजाना खाली पेट किशमिश का पानी पीने से डायबिटीज कंट्रोल में रह सकती है। किशमिश में मौजूद विटामिन्स, मिनरल्स, डाइटरी फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स ब्लड शुगर लेवल को संतुलित रखने में मदद करते हैं। यही वजह है कि इसे डायबिटीज के मरीजों के लिए एक अच्छा और हेल्दी ड्रिंक माना जाता है।
हड्डियों को बनाए मजबूत
किशमिश में कैल्शियम और बोरॉन दोनों तत्व पाए जाते हैं, जो हड्डियों की मजबूती के लिए बेहद जरूरी होते हैं। अगर आप नियमित रूप से किशमिश का पानी पीते हैं, तो इसमें मौजूद मिनरल्स हड्डियों को मजबूत बनाए रखने में मदद करते हैं और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी समस्या के खतरे को भी कम कर सकते हैं।
हार्ट को रखें हेल्दी
किशमिश में मौजूद पोटेशियम शरीर में सोडियम लेवल को संतुलित करता है, जिससे ब्लड प्रेशर कंट्रोल में रहता है। किशमिश के पानी में डाइटरी फाइबर और पॉलीफेनोल्स भी होते हैं, जो कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करते हैं। इससे हाई ब्लड प्रेशर, हार्ट अटैक और दिल से जुड़ी अन्य समस्याओं का खतरा कम हो सकता है।
लिवर को रखें दुरुस्त
सुबह किशमिश का पानी पीने से लिवर हेल्दी रहता है। इसमें मौजूद फाइबर पाचन तंत्र को बेहतर बनाता है और लिवर को डिटॉक्स करने में मदद करता है। इससे शरीर में मौजूद विषाक्त पदार्थ बाहर निकलते हैं। इसके अलावा किशमिश का पानी शरीर को हाइड्रेट रखता है, कब्ज की समस्या से बचाता है, स्किन में नेचुरल ग्लो लाता है और इम्यूनिटी को भी बूस्ट करता है।
कैसे बनाएं किशमिश का पानी
किशमिश का पानी बनाना बेहद आसान है। रात को सोने से पहले एक कप पानी लें और उसमें 10 से 20 किशमिश डाल दें। इसे पूरी रात के लिए ऐसे ही छोड़ दें। सुबह उठकर सबसे पहले भीगी हुई किशमिश खा लें और फिर उस पानी को पी जाएं। यह छोटी-सी आदत आपको कई बीमारियों से बचाने और सेहतमंद बनाए रखने में मदद कर सकती है।
इन्हें भी पढ़ें: Bathing Habits: विशेषज्ञ ने बताया नहाने का सही समय और तरीका

