Cow Milk Warning: छोटे बच्चों की सेहत को लेकर हर मां बेहद सतर्क रहती है। खासतौर पर जब बात नवजात या एक साल से कम उम्र के बच्चे की हो, तो खानपान में जरा-सी लापरवाही भी उसकी सेहत पर भारी पड़ सकती है। कई बार जानकारी की कमी या घर के बुजुर्गों की सलाह पर मांएं एक साल से छोटे बच्चों को गाय का दूध पिलाने लगती हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह आदत आपके बच्चे के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है?
एक्सपर्ट्स और डायटीशियन का साफ कहना है कि एक साल से छोटे बच्चों को गाय का दूध नहीं पिलाना चाहिए। इस उम्र में मां का दूध ही बच्चे के लिए सबसे बेहतर और सुरक्षित माना जाता है। अगर आप अपने बच्चे को समय से पहले गाय का दूध देना शुरू कर देती हैं, तो इसका सीधा असर उसकी सेहत, ग्रोथ और डेवलपमेंट पर पड़ सकता है। आइए डायटीशियन मोनिका जी से जानते हैं कि आखिर एक साल से छोटे बच्चे को गाय का दूध क्यों नहीं देना चाहिए।
किडनी पर पड़ता है बुरा असर
डायटीशियन मोनिका जी के अनुसार, गाय के दूध में कॉम्प्लेक्स प्रोटीन की मात्रा काफी अधिक होती है। यह प्रोटीन बड़े बच्चों और वयस्कों के लिए तो ठीक हो सकता है, लेकिन एक साल से छोटे बच्चे की किडनी इतनी विकसित नहीं होती कि वह इस भारी प्रोटीन को आसानी से पचा सके। अगर आप नवजात या एक साल से कम उम्र के बच्चे को गाय का दूध पिलाते हैं, तो उसकी किडनी पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। लंबे समय तक ऐसा करने से बच्चे की किडनी को नुकसान पहुंच सकता है और भविष्य में गंभीर समस्याएं भी हो सकती हैं। इसलिए डॉक्टर और एक्सपर्ट्स इस उम्र में गाय का दूध देने से मना करते हैं।
एनीमिया का खतरा बढ़ जाता है
गाय के दूध में आयरन, विटामिन सी और कुछ अन्य जरूरी पोषक तत्व बहुत कम मात्रा में पाए जाते हैं। जबकि छोटे बच्चों की ग्रोथ के लिए ये पोषक तत्व बेहद जरूरी होते हैं। अगर एक साल से छोटे शिशु को गाय का दूध पिलाया जाता है, तो उसके शरीर में आयरन की कमी होने लगती है। आयरन की कमी की वजह से एनीमिया का खतरा बढ़ जाता है, जिससे बच्चा कमजोर रहने लगता है और उसकी शारीरिक व मानसिक विकास पर भी असर पड़ सकता है। यही वजह है कि एक्सपर्ट्स मां के दूध को ही बच्चे के लिए सबसे बेहतर मानते हैं।
इम्यूनिटी नहीं होती मजबूत
छोटे बच्चों के लिए मजबूत इम्यूनिटी बेहद जरूरी होती है, ताकि वे बार-बार होने वाले इंफेक्शन और बीमारियों से लड़ सकें। लेकिन गाय के दूध में विटामिन सी की मात्रा बहुत कम होती है, जो इम्यूनिटी बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है। अगर आप एक साल से छोटे बच्चे को गाय का दूध पिलाते हैं, तो उसकी इम्यूनिटी उतनी मजबूत नहीं हो पाती। इससे बच्चा जल्दी बीमार पड़ सकता है और उसकी ग्रोथ भी धीमी हो सकती है। वहीं, मां के दूध में ऐसे कई एंटीबॉडीज होते हैं, जो बच्चे की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने में मदद करते हैं।
मां का दूध क्यों है सबसे बेहतर?
डायटीशियन मोनिका जी का कहना है कि एक साल से छोटे बच्चे के लिए मां का दूध सबसे सुरक्षित और संपूर्ण आहार होता है। इसमें सभी जरूरी पोषक तत्व सही मात्रा में मौजूद होते हैं, जो बच्चे की किडनी, पाचन और इम्यून सिस्टम के लिए पूरी तरह अनुकूल होते हैं।
इन्हें भी पढ़ें: Weight Loss Tips: 7 आसान उपाय जो देंगे तुरंत रिज़ल्ट

