EV SUV: भारत में इलेक्ट्रिक गाड़ियों का क्रेज अब साफ नजर आने लगा है। खासकर इलेक्ट्रिक SUVs की डिमांड तेजी से बढ़ रही है। ग्राहक अब सिर्फ सस्ती EV नहीं, बल्कि ज्यादा रेंज, दमदार परफॉर्मेंस और फीचर-पैक्ड ऑप्शन चाहते हैं। एक तरफ जहां MG Windsor EV और फ्यूचरिस्टिक Mahindra BE 6 जैसे नए जमाने के मॉडल्स हैं, वहीं भरोसेमंद Tata Nexon EV भी मजबूत दावेदार बनी हुई है। शहरों में रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए किफायती ऑप्शन की तलाश कर रहे लोगों के बीच Tata Tiago EV और MG Comet EV भी काफी पॉपुलर हो रही हैं। अगर आप भी कन्फ्यूज हैं कि कौन-सी EV आपके लिए सही रहेगी, तो यहां हर मॉडल की जरूरी जानकारी आसान भाषा में समझिए।
MG Comet EV
छोटी, स्टाइलिश और सिटी ड्राइव के लिए परफेक्ट-यही पहचान है MG Comet EV की। इसमें 17.3kWh की बैटरी मिलती है, जो एक बार चार्ज करने पर 230 किमी तक की रेंज देती है। यह EV 41 hp की पावर और 110 Nm का टॉर्क जनरेट करती है। इसमें ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन दिया गया है, जिससे ट्रैफिक में ड्राइव करना आसान हो जाता है। अगर आपका ज्यादातर सफर शहर के अंदर ही होता है और आप एक कॉम्पैक्ट, बजट-फ्रेंडली EV चाहते हैं, तो इसकी शुरुआती कीमत 7.5 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) इसे एक आकर्षक विकल्प बनाती है।
Tata Tiago EV
अगर आप थोड़ी ज्यादा पावर और बैटरी ऑप्शन चाहते हैं, तो Tata Tiago EV पर नजर डाल सकते हैं। इसमें दो बैटरी पैक मिलते हैं-19.2kWh और 24kWh। इनकी रेंज क्रमशः 223 किमी और 293 किमी तक है। पावर की बात करें तो यह 73.75 hp और 114 Nm टॉर्क ऑफर करती है, जो सिटी और हल्के हाईवे यूज के लिए पर्याप्त है। इसकी शुरुआती कीमत 7.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। यानी थोड़ी सी ज्यादा कीमत में आपको ज्यादा पावर और बेहतर रेंज मिलती है। बजट सेगमेंट में यह काफी मजबूत ऑप्शन बनकर उभरी है।
Tata Nexon EV
अगर आप SUV स्टाइल और लंबी रेंज चाहते हैं, तो Tata Nexon EV एक मजबूत विकल्प है। यह 30kWh और 45kWh बैटरी पैक के साथ आती है। इनकी रेंज क्रमशः 275 किमी और 489 किमी तक बताई गई है। पावर के मामले में यह 142 hp तक की मैक्सिमम पावर और 215 Nm टॉर्क जनरेट करती है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 12.49 लाख रुपये है। यह उन लोगों के लिए सही है जो फैमिली यूज, लंबी ड्राइव और SUV का फील चाहते हैं।
MG Windsor EV
MG Windsor EV उन ग्राहकों को टारगेट करती है जो ज्यादा फीचर्स और दमदार रेंज चाहते हैं। इसमें दो बैटरी पैक ऑप्शन मिलते हैं-38kWh और 52.9kWh। 38kWh वर्जन 332 किमी तक की रेंज देता है, जबकि 52.9kWh वर्जन 449 किमी तक चल सकता है। यह SUV 134 hp की पावर और 200 Nm टॉर्क जेनरेट करती है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 14 लाख रुपये है। यह उन खरीदारों के लिए बढ़िया है जो प्रीमियम फील और लंबी दूरी दोनों चाहते हैं।
Mahindra BE 6
अगर आप इलेक्ट्रिक SUV में दमदार परफॉर्मेंस और लंबी रेंज चाहते हैं, तो Mahindra BE 6 ध्यान खींचती है। इसमें 59kWh की बैटरी दी गई है। यह 227 hp की पावर और 380 Nm टॉर्क जनरेट करती है, जो इसे इस लिस्ट की सबसे पावरफुल EV बनाती है। कंपनी के मुताबिक, यह एक बार चार्ज में 557 किमी तक की रेंज देती है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 19.65 लाख रुपये है। कंपनी इसके बड़े बैटरी ऑप्शन भी ऑफर करती है, ताकि ग्राहक अपनी जरूरत के अनुसार चुन सकें।
इन्हें भी पढ़ें: कभी बाईं तो कभी दाईं तरफ क्यों होता है कार का फ्यूल टैंक?
