Chair Yoga: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और दिनभर कुर्सी पर बैठकर काम करने की आदत ने लोगों को अनफिट बना दिया है। ऑफिस वर्क, वर्क फ्रॉम होम और घंटों स्क्रीन के सामने बैठने की वजह से न सिर्फ वजन तेजी से बढ़ रहा है, बल्कि कमर दर्द, गर्दन जकड़न और थकान जैसी समस्याएं भी आम हो गई हैं। अगर आपका काम भी चेयर-टेबल वाला है और आपके पास जिम या योग के लिए अलग से समय नहीं निकल पाता, तो चेयर योगा आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है।
Chair Yoga की सबसे खास बात यह है कि इसे आप कहीं भी और कभी भी कर सकते हैं। इसके लिए न तो ज्यादा जगह चाहिए और न ही किसी खास तैयारी की जरूरत होती है। बस एक साधारण कुर्सी और कुछ मिनट का समय, और आप अपने शरीर को एक्टिव और फिट रख सकते हैं।
किसी भी आम कुर्सी की मदद से कर सकते हैं यह योग
चेयर योगा करने के लिए किसी स्पेशल कुर्सी की जरूरत नहीं होती। आप इसे घर या ऑफिस की सामान्य कुर्सी पर आसानी से कर सकते हैं। हालांकि, ध्यान रखें कि पहियों वाली कुर्सी का इस्तेमाल न करें क्योंकि वे स्थिर नहीं होतीं और संतुलन बिगड़ सकता है।
गरुड़ासन (Chair Eagle)
गरुड़ासन का चेयर वर्जन शरीर के संतुलन और मांसपेशियों को मजबूत करने में काफी मददगार है। इसे करने के लिए पहले अपनी दाहिनी जांघ को बाईं जांघ के ऊपर रखें। अब दाहिने पैर को बाएं पिंडली के चारों ओर जितना हो सके लपेटें। इसके बाद अपने बाएं हाथ को दाहिने हाथ के ऊपर से क्रॉस करें, कोहनियों को मोड़ें और हथेलियों से मुट्ठी बना लें। अब कोहनियों को ऊपर उठाएं और कंधों को कानों से दूर रखें। 3 से 5 सेकंड तक सांस रोकें और फिर छोड़ दें। यही प्रक्रिया दूसरी दिशा में दोहराएं।
कैट एंड काउ चेयर पोज (Cat And Cow Chair Pose)
इस पोज को करने के लिए कुर्सी पर सीधे बैठें और पैरों को फर्श पर रखें। हाथों को घुटनों या जांघों पर रखें। सांस लेते हुए रीढ़ को मोड़ें, कंधों को पीछे और नीचे ले जाएं-यह काउ पोज है। फिर सांस छोड़ते हुए ठुड्डी को छाती की ओर लाएं और पीठ को गोल करें-यह कैट पोज है। इन दोनों पोज के बीच लगातार मूव करते रहें और 5 सांसों तक अभ्यास करें।
एक पद राजकपोटासन (Chair Pigeon)
इस आसन के लिए दाहिने टखने को बाईं जांघ के ऊपर रखें और घुटने को टखने के पास रखें। इस पोज में कम से कम 5 गहरी सांसें लें। खिंचाव बढ़ाने के लिए थोड़ा आगे झुक सकते हैं। फिर पोज छोड़कर दूसरे पैर से दोहराएं।
अर्ध मत्स्येन्द्रासन (Chair Spinal Twist)
कुर्सी पर बगल में बैठें और पीठ को बाईं ओर रखें। कुर्सी के पिछले हिस्से को पकड़ते हुए धड़ को बाईं ओर मोड़ें। सांस लेते हुए रीढ़ को लंबा करें और छोड़ते हुए ट्विस्ट बढ़ाएं। 5 सांसों तक रुकें, फिर दूसरी ओर दोहराएं।
इन्हें भी पढ़ें: Dengue Alert: डेंगू से बचाव के लिए क्या करें और क्या न करें

