आज के समय में उम्र से पहले बालों का सफेद होना (Graying of Hair) पुरुषों और महिलाओं दोनों के लिए एक आम लेकिन चिंता बढ़ाने वाली समस्या बन चुका है। पहले जहां यह परेशानी ज्यादा उम्र में देखने को मिलती थी, वहीं अब 20-30 साल की उम्र में ही कई लोगों के बाल सफेद होने लगे हैं। बहुत से लोग इस बदलाव को छुपाने के लिए बालों को रंग लेते हैं या सफेद बालों को उखाड़ देते हैं, क्योंकि यह लुक उन्हें पसंद नहीं आता। लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि इसे सामान्य मानकर नजरअंदाज करना सही नहीं है, क्योंकि यह किसी अंदरूनी समस्या का संकेत भी हो सकता है।
डीएनए स्किन क्लिनिक की संस्थापक और चिकित्सा निदेशक डॉ. प्रियंका रेड्डी के अनुसार, बालों का सफेद होना मुख्य रूप से मेलेनिन की कमी के कारण होता है। मेलेनिन वही पिगमेंट है, जो हमारी त्वचा और बालों को उनका प्राकृतिक रंग देता है। जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, मेलेनिन का उत्पादन धीरे-धीरे कम होने लगता है, और यही वजह है कि बढ़ती उम्र में बाल सफेद होते हैं। लेकिन जब यही प्रक्रिया कम उम्र में शुरू हो जाए, तो इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं।
कम उम्र में बाल सफेद होने की मुख्य वजहें
विटामिन की कमी
शरीर में जरूरी विटामिन्स की कमी बालों की सेहत पर सीधा असर डालती है। खासतौर पर विटामिन बी12 और विटामिन डी की कमी से समय से पहले बाल सफेद होने लगते हैं। ये विटामिन बालों की जड़ों को मजबूत रखने और मेलेनिन के निर्माण में मदद करते हैं। इनकी कमी लंबे समय तक बनी रहे, तो बाल जल्दी अपना रंग खोने लगते हैं।
ऑटोइम्यून रोग
कुछ ऑटोइम्यून बीमारियां भी समय से पहले बालों के सफेद होने की वजह बन सकती हैं। जैसे विटिलिगो, जिसमें शरीर की इम्यून सिस्टम मेलेनिन बनाने वाली कोशिकाओं (मेलानोसाइट्स) को नुकसान पहुंचा देती है। इसके कारण प्रभावित हिस्सों में बाल भूरे या पूरी तरह सफेद हो सकते हैं।
थायरॉइड की समस्या
थायरॉइड से जुड़ी गड़बड़ियां भी बालों के समय से पहले सफेद होने का कारण बन सकती हैं। अच्छी बात यह है कि कई मामलों में यह स्थिति अस्थायी होती है और सही थायरॉइड दवाओं के जरिए इसे कंट्रोल किया जा सकता है।
लाइफस्टाइल से जुड़ी आदतें
धूम्रपान, ज्यादा तनाव लेना और पूरी नींद न लेना-ये तीनों ही उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को तेज कर देते हैं। इसका असर सिर्फ त्वचा पर ही नहीं, बल्कि बालों पर भी पड़ता है। लंबे समय तक तनाव और खराब नींद की वजह से बाल समय से पहले सफेद होने लगते हैं।
क्या करें और क्या न करें?
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर आपके बाल समय से पहले सफेद हो रहे हैं, तो सबसे पहले किसी अच्छे त्वचा विशेषज्ञ (Dermatologist) से सलाह लेनी चाहिए। इससे यह पता लगाया जा सकता है कि इसके पीछे कोई अंदरूनी बीमारी या पोषक तत्वों की कमी तो नहीं है।
सफेद बालों से जुड़ा आसान उपाय
अगर सिर के सामने या किसी खास जगह के सफेद बाल आपको ज्यादा परेशान कर रहे हैं, तो उन्हें उखाड़ने के बजाय कैंची से सावधानीपूर्वक ट्रिम करना बेहतर विकल्प है। डॉक्टरों के अनुसार, बाल उखाड़ने से समस्या और बढ़ सकती है। वहीं, अगर सफेद बालों की संख्या ज्यादा हो गई है, तो हेयर कलर करना भी एक विकल्प हो सकता है।
इन्हें भी पढ़ें: Health & Wellness: सुबह जल्दी उठने के 10 फायदे जानिए अभी!

