Low Blood Sugar: अक्सर हम हाई ब्लड शुगर यानी डायबिटीज की बात करते हैं, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि ब्लड शुगर लेवल का अचानक कम हो जाना भी उतना ही खतरनाक हो सकता है। ब्लड शुगर का जरूरत से ज्यादा गिर जाना हाइपोग्लाइसीमिया (Hypoglycemia) कहलाता है। इस स्थिति में मरीज का शुगर लेवल इतना नीचे चला जाता है कि कई बार चक्कर आना, कमजोरी महसूस होना और यहां तक कि बेहोशी भी हो सकती है। आमतौर पर यह समस्या डायबिटीज के मरीजों में ज्यादा देखी जाती है, लेकिन कई बार बिना डायबिटीज वाले लोग भी लो ब्लड शुगर का शिकार हो जाते हैं।
ब्लड शुगर लेवल कम होने के क्या हैं लक्षण
जब शरीर में शुगर अचानक गिरने लगती है, तो कुछ संकेत साफ तौर पर नजर आने लगते हैं। इनमें शामिल हैं- चक्कर आना, आंखों के आगे अंधेरा छा जाना, सिर दर्द, ज्यादा पसीना आना, अचानक कमजोरी महसूस होना, शरीर में कंपकंपी, घबराहट या बेचैनी. कई लोगों को हाथ-पैरों में झुनझुनी या टिंगलिंग का भी एहसास होता है। अगर इन लक्षणों को नजरअंदाज किया गया, तो मरीज की हालत बिगड़ सकती है।
लो ब्लड शुगर को कैसे मैनेज करें
डॉक्टर्स के अनुसार, जब भी ब्लड शुगर लेवल अचानक कम हो जाए, तो सबसे पहले घबराने की बजाय तुरंत कार्बोहाइड्रेट्स का सेवन करना चाहिए। इससे शुगर लेवल तेजी से नॉर्मल होने लगता है। विशेषज्ञ बताते हैं कि ऐसी स्थिति में कम से कम 15 ग्राम कार्बोहाइड्रेट्स तुरंत लेना जरूरी होता है।
इन चीजों के सेवन से नॉर्मल होगा शुगर
लो ब्लड शुगर होने पर आप नीचे दी गई चीजों में से कोई एक तुरंत ले सकते हैं- आधा कप संतरे का जूस पिएं, 1 चम्मच शहद चाटकर खाएं, 4-5 नमक वाले बिस्किट खाएं, 3-4 ग्लूकोज टैबलेट्स या मीठी हार्ड कैंडी खाएं, 2 चम्मच चीनी को पानी में घोलकर पिएं, कुकीज खाएं, ताजे फल या ड्राई फ्रूट्स लें, 2 चम्मच किशमिश खाएं, 1 कप दूध पिएं. ये सभी चीजें शरीर को तुरंत शुगर देती हैं और ब्लड शुगर लेवल को ऊपर लाने में मदद करती हैं।
20 मिनट बाद जरूर चेक करें ब्लड शुगर
इनमें से कोई एक चीज लेने के करीब 20 मिनट बाद अपना ब्लड शुगर लेवल दोबारा जरूर चेक करें। अगर शुगर लेवल अब भी नॉर्मल नहीं हुआ है, तो ऊपर बताए गए विकल्पों में से कोई एक चीज फिर से लें। ऐसा तब तक करें जब तक शुगर लेवल सुरक्षित सीमा में न आ जाए।
दोबारा लो ब्लड शुगर न हो, इसके लिए क्या करें
सिर्फ तुरंत इलाज ही नहीं, बल्कि भविष्य में लो ब्लड शुगर से बचाव भी उतना ही जरूरी है। डॉक्टर इसके लिए कुछ जरूरी सलाह देते हैं- रोजाना समय पर दिन में 3 बार खाना जरूर खाएं, 4-5 घंटे से ज्यादा समय तक भूखे न रहें, रोजाना कम से कम 30 मिनट से 1 घंटे तक एक्सरसाइज करें, अपना ब्लड शुगर लेवल नियमित रूप से चेक करते रहें, महीने में कम से कम एक बार डॉक्टर से सलाह लें, शराब का सेवन सीमित मात्रा में ही करें।
इन्हें भी पढ़ें: Winter Health: दमा के मरीज ठंड में बरतें ये जरूरी उपाय

